Shahjahanpur news : पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ का आरोप, चौकी घेराव के बाद लाठीचार्ज से मची अफरा-तफरी
थाना खुटार क्षेत्र के ग्राम हरनाई के सैकड़ों ग्रामीणों ने चांदपुर पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को रोकते हुए चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों का विरोध किया।

shahjahanpur
7:52 PM, June 11, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। गुरुवार को थाना खुटार क्षेत्र के ग्राम हरनाई के सैकड़ों ग्रामीणों ने चांदपुर पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन को रोकते हुए चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों का विरोध किया। प्रदर्शन में पुरुषों के साथ महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस द्वारा हाल ही में की गई मुठभेड़ फर्जी है और नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गांव से पकड़कर बाद में मुठभेड़ की कहानी गढ़ी गई।
ग्रामीणों का कहना था कि आरोपी को उन्होंने स्वयं पुलिस के सुपुर्द किया था, लेकिन पुलिस ने अपने पक्ष को मजबूत दिखाने के लिए उसे फर्जी मुठभेड़ का रूप दे दिया। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि यदि आरोप सही हैं तो यह मानवाधिकारों और न्याय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला है।
चौकी के घेराव और बढ़ते विरोध के बीच पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने से मौके पर भगदड़ मच गई। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित कई लोग इधर-उधर भागते नजर आए। अफरा-तफरी के बीच कुछ लोगों के गिरने और चोटिल होने की भी सूचना मिली। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।
गौरतलब है कि हरनाई गांव में एक वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में गांव के ही गुड्डू शर्मा पुत्र भजनलाल का नाम सामने आया था। पुलिस का दावा है कि आरोपी को मैलानी रोड स्थित धनसिंहपुर मोड़ के पास पकड़ने का प्रयास किया गया, जहां उसने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार गोली पुलिस वाहन में लगी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी को पहले ही गांव से हिरासत में लिया जा चुका था और बाद में मुठभेड़ की कहानी तैयार की गई। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। हालांकि, फर्जी मुठभेड़ के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पूरे प्रकरण की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




