Shahjahanpur news : चिकित्सा प्रभारी का निजी अस्पताल पर छापा, न मिली डिग्री न चिकित्सक दिखा सकें रजिस्ट्रेशन, नोटिस जारी
तिकुनियां-कुसुमा मार्ग स्थित जनता क्लीनिक पर मंगलवार को चिकित्सा प्रभारी गौरव सक्सेना ने अचानक छापेमारी की।

shahjahanpur
7:37 PM, September 22, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
-- चिकित्सा प्रभारी की छापेमारी में मरीजों को चढ़ती मिली ड्रिप, संचालक से मांगे वैध अभिलेख
खुटार, शाहजहांपुर। तिकुनियां-कुसुमा मार्ग स्थित जनता क्लीनिक पर मंगलवार को चिकित्सा प्रभारी गौरव सक्सेना ने अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक में एक व्यक्ति मरीजों का उपचार करते और ड्रिप चढ़ाते मिला।
चिकित्सा प्रभारी ने क्लीनिक संचालक से चिकित्सकीय डिग्री, पंजीकरण समेत उपचार से संबंधित आवश्यक वैध अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्लीनिक संचालक को नोटिस जारी किया।
नोटिस में बुधवार सुबह 10 बजे तक क्लीनिक का वैध पंजीकरण, चिकित्सकीय डिग्री और अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय तक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर विभागीय स्तर से आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
चिकित्सा प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि क्लीनिक संचालक को नोटिस देकर बुधवार सुबह 10 बजे तक आवश्यक दस्तावेज दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो विधिक कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।




