Shahjahanpur news : सावन के पहले सोमवार पर खुटार पुलिस ने किया भंडारे का आयोजन
प्रथम सोमवार के अवसर पर खुटार पुलिस ने सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया।

shahjahanpur
6:20 PM, August 3, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार (शाहजहांपुर)। सावन के प्रथम सोमवार के अवसर पर खुटार पुलिस ने सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया। गोला बाईपास रोड स्थित जुड़ी सड़क के निकट लगाए गए शिविर में शिवभक्तों का स्वागत कर उन्हें पूड़ी, सब्जी और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही यात्रियों के लिए जलपान और विश्राम की भी समुचित व्यवस्था की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा शिविर में फर्रुखाबाद के घटियाघाट, बदायूं के कछला घाट तथा हरिद्वार से गंगाजल लेकर छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ धाम में जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया गया। थाना प्रभारी ने स्वयं पुलिसकर्मियों के साथ श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित किया और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखा।
प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालुओं ने कुछ समय विश्राम किया और "हर-हर महादेव" के जयघोष के साथ अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। पूरे दिन सेवा शिविर में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंचते रहे। इस दौरान पुलिस टीम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखा। सेवा शिविर में थाना प्रभारी अरविंद कुमार सहित समस्त पुलिस स्टाफ सक्रिय रूप से मौजूद रहा।




