Shahjahanpur news : इफको केंद्र खुटार पर यूरिया की कालाबाजारी का आरोप, किसान परेशान
इफको केंद्र खुटार पर यूरिया खाद की कालाबाजारी किए जाने के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं।

shahjahanpur
8:06 PM, July 18, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
--- सूत्रों के हवाले से दलालों की मिलीभगत की चर्चा, जांच की उठी मांग
खुटार, शाहजहांपुर। क्षेत्र के इफको केंद्र खुटार पर यूरिया खाद की कालाबाजारी किए जाने के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार केंद्र पर कुछ कर्मचारियों और कथित दलालों की मिलीभगत से यूरिया खाद निर्धारित मूल्य के बजाय अधिक कीमत पर बेची जा रही है। इससे वास्तविक किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार धान की फसल के इस महत्वपूर्ण समय में किसान सुबह से ही खाद लेने के लिए केंद्र पर लाइन लगाते हैं, लेकिन कई किसानों को "स्टॉक समाप्त" होने की बात कहकर वापस लौटा दिया जाता है। वहीं दूसरी ओर, सूत्रों का दावा है कि केंद्र से कुछ लोगों के माध्यम से यूरिया की बोरियां रिक्शों और अन्य साधनों से बाहर भेजी जा रही हैं। आरोप है कि इन बोरियों को पड़ोसी जनपदों में 450 से 500 रुपये प्रति बोरी तक बेचा जा रहा है, जबकि सरकार द्वारा यूरिया का निर्धारित मूल्य इससे काफी कम है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि यह आरोप सही हैं तो यह न केवल किसानों के अधिकारों का हनन है, बल्कि सरकार की खाद वितरण व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। किसानों का आरोप है कि दलालों को आसानी से खाद उपलब्ध हो जाती है, जबकि वास्तविक किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ता है।
क्षेत्र के किसानों ने जिला प्रशासन, कृषि विभाग और इफको के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि केंद्र पर उपलब्ध स्टॉक, बिक्री रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज तथा खाद वितरण का रिकॉर्ड जांचा जाए, ताकि यदि किसी स्तर पर अनियमितता हो रही है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।




