Shahjahanpur News : शाहजहांपुर में गर्रा और खन्नौत नदी उफान पर, आबादी क्षेत्र में घुसा पानी
गर्रा और खन्नौत नदी उफान पर, आबादी क्षेत्र में घुसा पानी

shahjahanpur
9:33 PM, July 10, 2024
शाहजहांपुर । शाहजहांपुर में बाढ़ ने तबाही मचाना शुरू कर दिया है। यहां शहर के दोनों तरफ बहने वाली गर्रा और खन्नौत नदी का पानी आबादी वाले इलाकों में घुसना शुरू हो गया है। बाढ़ का पानी आबादी वाले इलाके में घुसने से लोगों का भारी नुकसान हो रहा है। इसके अलावा हजारों लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिल पा रही है। सबसे बुरा हाल उसे नगर विधानसभा का है जहां से उत्तर प्रदेश के सबसे ताकतवर मंत्री सुरेश कुमार खन्ना आते हैं। यहां दो प्रमुख नदियां गर्रा और खन्नौत उफान पर है। जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी नदियों के किनारे आबादी में घुसना शुरू हो गया है। आलम यह है कि लोगों के घरों में कई फीट तक पानी भर चुका है। जिससे लोगों का घरेलू सामान बर्बाद हो रहा है। इसके अलावा हजारों लोग घरों में फंसे हुए हैं। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चल रहा है। बाढ़ का पानी शहर के स्मार्ट रोड को पार करते हुए लगातार आबादी में घुस रहा है। जिससे लोगों में दहशत पैदा होना शुरू हो गई है। नदियों का जलस्तर स्तर कम होने की बजाय लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हालांकि जिला प्रशासन कल तक बाढ़ ना होने की बात कहता रहा है। लेकिन एक ही दिन में सारे नजारे बदल गए। फिलहाल स्थानी लोगों को कहना है कि जिला प्रशासन की तरफ से किसी तरह की कोई मदद नहीं मिल पा रही है। इस दौरान सपा जिला अध्यक्ष तनवीर खान ने जिला प्रशासन के तत्काल मदद पहुंचने की अपील की है।




