Shahjahanpur news : झुकना नदी पर अतिक्रमण की आशंका, ग्रामीणों ने जांच की उठाई मांग
जिले में जल संरक्षण और नदियों के संरक्षण को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। जिले में जल संरक्षण और नदियों के संरक्षण को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न नदियों को अतिक्रमण मुक्त कराने, उनकी सफाई कराने तथा जलधारा को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से अभियान संचालित हैं। इसी क्रम में कई स्थानों पर नदी संरक्षण संबंधी कार्य भी जारी हैं।
इधर खुटार-बंडा मार्ग के पास स्थित झुकना नदी को लेकर क्षेत्र के लोगों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा नदी की भूमि में मिट्टी डालकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो नदी का प्राकृतिक स्वरूप प्रभावित हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार झुकना नदी आगे चलकर गोमती नदी से मिलती है। ऐसे में नदी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण भविष्य में जल प्रवाह और पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। ग्रामीणों का मानना है कि नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए चल रहे अभियानों के बीच ऐसे मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा यदि कहीं अवैध कब्जा पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा जनहित से जुड़ा विषय है, इसलिए संबंधित विभागों को मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत के बाद लोगों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।