Shahjahanpur news : नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार
पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

shahjahanpur
10:53 PM, November 13, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
★ 1.15 लाख के नकली नोट और प्रिंटर बरामद, बरेली के दंपती भी शामिल
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 15 हजार रुपये के नकली नोट, कुछ असली रुपये और नकली करेंसी छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में बरेली का एक दंपती भी शामिल है।
एएसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि गिरोह का मुख्य आरोपी पहले 'मनोरंजन बैंक' (चिल्ड्रेन बैंक) के नकली नोटों से ठगी का शिकार हुआ था। इसके बाद उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर घर पर प्रिंटर से नकली नोट छापने शुरू कर दिए। आरोपियों ने 500-500 रुपये के 10 बंडल नकली नोट तैयार किए थे, जिन्हें शाहजहांपुर समेत आसपास के बाजारों में खपाने की तैयारी थी।
13 नवंबर को एसओजी और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार सवार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।




