Shahjahanpur News : शाहजहांपुर जेल में पेश की विश्व बंधुत्व एवं सर्वधर्म समभाव की मिसाल
जेल में विगत 2 दिनों से रक्षाबंधन का पावन पर्व धूम-धाम से मनाया जा रहा है जिसमें बनियों द्वारा विश्व बंधुत्व एवं सर्वधर्म समभाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया

shahjahanpur
9:05 PM, August 19, 2024
शाहजहांपुर । जेल में विगत 2 दिनों से रक्षाबंधन का पावन पर्व धूम-धाम से मनाया जा रहा है जिसमें बनियों द्वारा विश्व बंधुत्व एवं सर्वधर्म समभाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। दिनांक 18/08/2024 को कारागार में निरुद्ध बंदियों को रक्षा सूत्र बांधने एवं मुंह मीठा कराने के लिए सामाजिक, व्यापार मंडल व ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से बहनें उपस्थित हुईं। जिसमें इच्छुक बंदी राखी बंधवाने उपस्थित हुए जिसमें देखा गया कि अफ्रीकी, नेपाली बंदी भी शामिल थे, सुखद अनुभूति तब हुई जब देखा गया कि अफ्रीकी बंदी के जब ब्रह्मा कुमारी बहनों द्वारा तिलक किया गया तो उसने उनका चरण स्पर्श किया। प्रफुल्ल मुद्रा में राखी बंधवाई और प्रसाद रूप में मिष्ठान ग्रहण किया। नेपाली बंदियों द्वारा भी राखी बंधवाई और प्रसाद रूप में मिष्ठान ग्रहण किया।
इसके साथ ही साथ कारागार में बंद अनेक मुस्लिम, सिक्ख समुदाय के बंदियों द्वारा तिलक लगवाकर राखी बंधवाई और प्रसाद रूप में मिष्ठान ग्रहण किया।
इस अवसर पर इनरव्हील क्लब, सहयोग संस्था, वीआईपी ग्रुप व ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों व भाइयों द्वारा अधिकारियों, कर्मचारियों व बंदियों को राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। महिला बंदियों को फल व मिष्ठान वितरण किया तथा महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को गिफ्ट भेंट किए।
आज रक्षाबंधन पर्व पर बाहर से आने वाली बहनों को उनके भाइयों से मुलाकात हेतु विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक व प्रतिसार निरीक्षक से अनुरोध कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है साथ ही जेल स्टाफ को भी तैनात किया गया है ताकि बहनों को उनके भाइयों से मुलाकात करने में असुविधा न हो।
आज प्रातः काल 7 बजे से ही बहनों को मुलाकात करने की व्यवस्था की गई। 50-50 की टोली बनाकर मुलाकात कराई जा रही है। ताकि सभी बहनें अपने भाइयों से ठीक से मुलाकात कर सकें।सभी के लिए सरबत की व्यवस्था की गई है ताकि गर्मी में किसी को कोई दिक्कत न हो।
अनेक बहनें अपने भाइयों से मिलकर भावुक होकर रोते हुए देखी गई।
अब तक समय 1 बजे तक 800 बहनें अपने भाइयों से मिलकर रक्षा सूत्र बांध चुकी है। सायंकाल तक 1000 बहनों के आने का अनुमान है। आज रक्षाबंधन पर्व के विशेष अवसर पर मुलाकात के लिए कोई समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है जब तक भी कोई बहन मिलने के लिए जेल पर उपस्थित होगी उसे निराश होकर नहीं लौटने दिया जाएगा।
भारतीय परम्परा है कि हर घर में त्योहार पर पूड़ी पकवान बनाए जाते हैं,उसी तर्ज पर कारागार में बंद बंदियों को भी आज भोजन में पूड़ी, हलवा व विशेष सब्जी परोसी जाएगी ताकि जेल में रहते हुए भी वे त्योहार का अनुभव कर सकें।




