Shahjahanpur news : मिट्टी लदे डंपर ने विद्युत लाइन को किया ध्वस्त, कई खंभे टूटे
लक्ष्मीपुर से खुटार नगर स्थित बीडीआर भट्टे की भूमि पर मिट्टी डालकर वापस जा रहे एक डंपर ने विद्युत लाइन को ध्वस्त कर दिया।

shahjahanpur
1:32 PM, November 4, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर से खुटार नगर स्थित बीडीआर भट्टे की भूमि पर मिट्टी डालकर वापस जा रहे एक डंपर ने विद्युत लाइन को ध्वस्त कर दिया। इस हादसे में कई बिजली के खंभे टूट गए और अन्य नुकसान भी हुआ।
यह हादसा तिकुनिया गुरुद्वारा के पास हुआ। बताया जा रहा है कि डंपर में ओवरलोड मिट्टी भरकर ढुलाई की जा रही थी। मिट्टी उतारने के बाद चालक ने डाला नीचे किए बिना ही वाहन दौड़ा दिया, जिसकी लापरवाही भारी पड़ गई। ऊंचा डाला विद्युत लाइन से टकरा गया, जिससे खंभे टूट गए और आसपास भी नुकसान पहुंचा।
अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है।
घटना ने ओवरलोड डंपरों की बेरोकटोक आवाजाही और चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से नुकसान का आकलन कर लाइन दुरुस्त कराने तथा जिम्मेदार डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।




