Shahjahanpur news : दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को पीटकर घर से निकाला, छह पर मुकदमा
दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है।

shahjahanpur
6:42 PM, October 29, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
★ दो लाख रुपये नकद और सोने की चेन मांगने का आरोप, मारपीट में आंखों की रोशनी प्रभावित होने का दावा
खुटार, शाहजहांपुर। थाना खुटार क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज में दो लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, खुटार थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव निवासी चंद्रकिरन का विवाह 5 मई 2025 को बेला गांव निवासी सागर बाबू के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद पति सागर बाबू, जेठ विनोद कुमार, देवर मुकेश व जितेंद्र, सास मुन्नी देवी और जेठानी रीना देवी कथित तौर पर दो लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग करने लगे।
विवाहिता का कहना है कि मायके की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह मांग पूरी नहीं कर सकी। इसके बाद उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि 15 फरवरी 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और पहने हुए कपड़ों में ही घर से बाहर निकाल दिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसकी आंखों में चोट आई, जिससे रोशनी कम हो गई। साथ ही, मांग पूरी न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने पति सहित छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




