Shahjahanpur news : शिवाजी वाटर पार्क में युवक की मौत का मामला फिर गरमाया, 16 माह बाद आठ पर मुकदमा
शिवाजी वाटर पार्क में जून 2025 में हुई युवक की डूबने से मौत का मामला करीब 16 माह बाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

shahjahanpur
9:10 PM, September 23, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
-- अदालत के आदेश पर दर्ज हुई रिपोर्ट, मृतक के भाई ने लगाया सुनियोजित तरीके से डुबोकर हत्या करने का आरोप
खुटार, शाहजहांपुर। शिवाजी वाटर पार्क में जून 2025 में हुई युवक की डूबने से मौत का मामला करीब 16 माह बाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। बिलसंडा निवासी शाहिद खां की मौत के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने वाटर पार्क संचालक समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक के भाई ने घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए साजिश के तहत शाहिद को पानी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
बिलसंडा कस्बे के मोहल्ला भारतगंज निवासी रईस खां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भाई शाहिद खां 11 जून 2025 को मुन्ना, आरिफ, एहसान, अरमान, साहिल, सगीर और मस्जिदकला निवासी वसीम के साथ खुटार स्थित शिवाजी वाटर पार्क गया था। परिजनों के अनुसार शाहिद को एक अज्ञात व्यक्ति फोन कर कई बार बुला रहा था, जिसके बाद वह अपने साथियों के साथ वाटर पार्क पहुंचा था।
कुछ समय बाद परिजनों को शाहिद के वाटर पार्क में पानी में डूबने की सूचना मिली। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने वाटर पार्क संचालक व कर्मचारियों से वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की। आरोप है कि इस दौरान संचालक दिनेश वर्मा ने परिजनों के साथ अभद्रता की।
हादसा नहीं, हत्या का लगाया आरोप
रईस खां का आरोप है कि शाहिद पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी पानी में डूबने से सामान्य मौत नहीं हुई, बल्कि उसे कथित रूप से सुनियोजित तरीके से पानी में डुबोया गया। उनका यह भी आरोप है कि घटना को हादसा दिखाने के लिए साक्ष्यों को मिटाने का प्रयास किया गया। रिपोर्ट दर्ज न होने पर उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया।
न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने वाटर पार्क संचालक दिनेश वर्मा, मुन्ना, आरिफ, एहसान, अरमान, साहिल, सगीर और वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।




