Shahjahanpur news : ब्लाक प्रमुख ने सरकारी स्कूल के किचन शेड का किया उदघाटन, बच्चों ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम
ग्राम पंचायत सौफरी के प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को स्कूली बच्चों के लिए बनाए गए किचन शेड का धूमधाम से उद्घाटन हुआ।

shahjahanpur
7:42 PM, September 29, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। ग्राम पंचायत सौफरी के प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को स्कूली बच्चों के लिए बनाए गए किचन शेड का धूमधाम से उद्घाटन हुआ। ब्लॉक प्रमुख निमित दीक्षित ने फीता काटकर किचन शेड का उद्घाटन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों और ग्रामीणों की मौजूदगी से उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक प्रमुख ने मां सरस्वती और मां लक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ किचन शेड का फीता काटा। किचन शेड शुरू होने से विद्यालय में मिड-डे मील योजना के तहत बच्चों के लिए भोजन तैयार करने की सुविधा और बेहतर होने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। बच्चों के उत्साह और प्रतिभा को देखकर कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीण भी उत्साहित नजर आए। ब्लॉक प्रमुख ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें उपहार देकर प्रोत्साहित किया। उपहार मिलते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतकुमार कश्यप ने तिलक लगाकर एवं पटका पहनाकर स्वागत किया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह उत्सवी बना रहा।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष देव पटेल, विजय शंकर अवस्थी, अखिलेश मिश्रा, रोशनी वाल्मीकि, ग्राम प्रधान पति सियाराम कश्यप, ग्राम पंचायत सचिव जयप्रकाश मिश्रा, टीए चंदा खान, एपीओ इमरान, रोजगार सेवक, विद्यालय की प्रधानाचार्य तरन्नुम, शिक्षक-शिक्षिकाएं समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




