Shahjahanpur news : सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश, सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर नापने का आरोप
खुटार-बंडा चौराहे से गोला जाने वाले मार्ग के किनारे सरकारी भूमि पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है।

shahjahanpur
5:29 PM, October 4, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। खुटार-बंडा चौराहे से गोला जाने वाले मार्ग के किनारे सरकारी भूमि पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने करोड़ों रुपये कीमत की सरकारी जमीन पर कब्जे की नीयत से मिट्टी डालने का काम शुरू कराया। मामले में स्थानीय लेखपाल की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
बताया गया कि संबंधित स्थान पर पीडब्ल्यूडी की सड़क की वास्तविक चौड़ाई करीब 22 से 24 मीटर है। सड़क के दोनों ओर नगर पंचायत के खाद के गड्ढे, तालाब और नवीन परती की सरकारी भूमि मौजूद है। आरोप है कि खाद के गड्ढों समेत आसपास की सरकारी जमीन को कब्जे में लेने के उद्देश्य से सड़क की चौड़ाई करीब 36 मीटर दर्शाकर नाप की गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी भूमि पर डाली जा रही मिट्टी के मामले में जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी विभाग पर डालकर संबंधित लोग अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। जबकि सड़क, खाद के गड्ढे, तालाब और नवीन परती सभी सरकारी संपत्तियां हैं, जिनकी सुरक्षा और अवैध कब्जा रोकने की जिम्मेदारी संबंधित सरकारी विभागों की है।
मामले की जानकारी होने पर नगर पंचायत की ओर से मिट्टी डालने का कार्य रुकवा दिया गया है। अब लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सरकारी भूमि की पैमाइश और सीमांकन कराने की मांग की है।




