Shahjahanpur news : सीएचसी परिसर में आशा कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप, दंपति पर मुकदमा दर्ज
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुटार परिसर में धरना-प्रदर्शन के दौरान एक आशा कार्यकर्ता के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है।

shahjahanpur
9:10 AM, October 13, 2026
- धरना-प्रदर्शन के दौरान हुआ विवाद, पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुटार परिसर में धरना-प्रदर्शन के दौरान एक आशा कार्यकर्ता के साथ कथित अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खुटार थाना क्षेत्र के बिजौरा बिजोरिया गांव निवासी किरन देवी पत्नी अरविंद कुमार के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे वह सीएचसी परिसर में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची थीं। इसी दौरान शीला देवी से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
किरन देवी ने आरोप लगाया कि शीला देवी के पति सूर्यप्रकाश ने भी मौके पर पहुंचकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए पेट में लात मारी। वहां मौजूद आशा कार्यकर्ता नीतू और रीना ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।
घटना के बाद पीड़िता ने खुटार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सूर्यप्रकाश और शीला देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




