Shahjahanpur news : खेत में खड़ी तिल की फसल काटकर चोरी करने का आरोप, तीन लोगों पर मुकदमा
खुटार क्षेत्र में खेत में खड़ी तिल की फसल काटकर चोरी करने का मामला सामने आया है।

shahjahanpur
6:44 PM, October 29, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
★ प्रशासन ने कब्जा दिलाकर कराई थी बुवाई, फसल तैयार होने पर काट ले जाने का आरोप
खुटार, शाहजहांपुर। थाना खुटार क्षेत्र में खेत में खड़ी तिल की फसल काटकर चोरी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान ने अपने पड़ोसियों पर रात के अंधेरे में फसल काटकर अपने घर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ग्राम हिमतपुर निवासी गुरजीत कौर पत्नी स्वर्गीय रूप सिंह के अनुसार, गाटा संख्या 130 में स्थित 0.535 हेक्टेयर भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। पीड़िता ने बताया कि तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने 1 अगस्त 2026 को मौके पर कब्जा दिलवाने के बाद खेत में तिल की फसल की बुवाई कराई थी।
आरोप है कि फसल तैयार होने के बाद 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब दो से ढाई बजे उनके पड़ोसी गुरचरण सिंह पुत्र सुच्चा सिंह, यादविंदर सिंह पुत्र गुरचरण सिंह और भूपेंद्र सिंह पुत्र बूटा सिंह ने खेत में पहुंचकर तिल की फसल काट ली और उसे अपने घर के अंदर रख लिया।
पीड़िता का कहना है कि सुबह उठकर खेत देखने पर फसल गायब मिली। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उन्होंने 26 जुलाई 2026 को इसी मामले में शिकायत दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोपियों पर अपने और अपने दो छोटे बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने गुरजीत कौर की तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।




