Shahjahanpur news :खुटार-मैलानी रोड पर हादसा: मजदूरों से भरी ईको बोलेरो से टकराई, चालक समेत 12 घायल, एक रेफर
खुटार-मैलानी रोड पर सरेली गांव के पास शनिवार सुबह करीब 8 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया।

shahjahanpur
6:55 PM, November 7, 2026
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार, शाहजहांपुर। खुटार-मैलानी रोड पर सरेली गांव के पास शनिवार सुबह करीब 8 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी ईको कार की सामने से आ रही बोलेरो से टक्कर हो गई। हादसे में ईको चालक समेत 12 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, थाना खुटार के गांव महारानीगंज निवासी सूरज (25) अपनी ईको कार से हरियाणा के सांपला से मजदूरों को लेकर आ रहा था। कार में जिला लखीमपुर खीरी के थाना भीरा क्षेत्र के गांव सुजानटांडा और बुझवा के 11 मजदूर सवार थे। सभी हरियाणा में मजदूरी कर दीपावली की छुट्टी पर अपने घर भीरा लौट रहे थे।
सरेली गांव के मोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार बोलेरो आ गई। बचाने के प्रयास में ईको बोलेरो के पीछे लगी टोचन ट्राली से टकरा गई।
घायलों के नाम
ईको चालक सूरज के अलावा घायलों में सुजानटांडा निवासी कल्याण (35), भूपेंद्र (30), सिकंदर (40), रामकेवल (40), दिनेश सिंह (27) और बुझवा निवासी मनीष (18), चंद्रशेखर (30), विशाल (19), अभिषेक (18), अमित (30) और शिवकुमार (31) शामिल हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस से सीएचसी खुटार में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर बुझवा निवासी शिवकुमार को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जिसे परिजन लखीमपुर ले गए। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।




