Shahjahanpur news : आवारा कुत्ते के शिकार हुए 56 लोग, कई गंभीर
खुटार कस्बे में शनिवार को एक आवारा कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया।

shahjahanpur
2:36 PM, October 11, 2026
- बाजार में मची अफरा-तफरी, नगर पंचायत की टीम ने कुत्ते को पकड़कर जंगल में छोड़ा
राहुल शुक्ला ब्यूरो
खुटार (शाहजहांपुर)। खुटार कस्बे में शनिवार को एक आवारा कुत्ते के हमले से हड़कंप मच गया। कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर करीब 56 लोगों को घायल कर दिया। घायलों में 15 से 70 वर्ष तक के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद बाजार में दहशत फैल गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार, कुत्ते ने राह चलते लोगों को निशाना बनाया, जिससे कई लोगों के हाथ-पैर में चोटें आईं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और निजी अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया। घटना से कस्बे के लोगों में भय का माहौल बना रहा।
सूचना मिलने पर नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद कुत्ते को पकड़ लिया गया और वाहन से कस्बे के बाहर जंगल में छोड़ दिया गया। कुत्ते के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि, एक ही दिन में बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की घटना ने आवारा कुत्तों से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




