बहराइच हिंसा मामले का मुख्य आरोपी सरफराज और तालिब मुठभेड़ में गिरफ्तार
बहराइच हिंसा मामले में यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हिंसा के मुख्य आरोपी सरफराज और तालिब को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है।

एनकाउंटर में घायल अपराधी
bahraich
1:14 AM, October 18, 2024
बहराइच हिंसा मामले में यूपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हिंसा के मुख्य आरोपी सरफराज और तालिब को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है। गोली लगने के बाद पुलिस दोनों को पहले नानापारा सीएचसी ले गई फिर यहां से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, सरफराज की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हरदी थाना क्षेत्र के महराजगंज बाजार में रविवार को मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान राम गोपाल मिश्रा की दंगाइयों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसमें नामजद अपराधियों के गुरुवार को नेपाल बॉर्डर होने की सूचना मिली। जिस पर थानाध्यक्ष हरदी कमल शंकर चतुर्वेदी और थानाध्यक्ष बौंडी सूरज राणा पुलिस टीम के साथ कोतवाली नानपारा क्षेत्र के हांडा बसेहरी गांव पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस टीम ने जैसे ही नहर पटरी के पास पकड़ने का प्रयास किया तो अपराधी सरफराज और तालिब ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। इसके बाद दोनों को घेरकर पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों थानाध्यक्ष अपराधी को अपने कंधे पर लेकर वाहन तक आए। जबकि दूसरे अपराधी को पुलिस लेकर आई। दोनों अपराधियों ने माफी भी मांगी। इसका वीडियो पुलिस द्वारा जारी किया गया है।
बहराइच हिंसा मामले पर उत्तर प्रदेश DGP प्रशांत कुमार ने कहा, "जब पुलिस भारत-नेपाल सीमा के पास हथियार बरामदगी के लिए गिरफ्तार पांचों आरोपियों को ले जा रही थी, तो दो आरोपियों ने भागने की कोशिश की। भागने की कोशिश करते समय गोली चलाई गई। इस दौरान मोहम्मद सरफराज और मोहम्मद तालिब घायल हो गए। अब्दुल हमीद, फहीम और अब्दुल अफजल को गिरफ्तार किया गया। कुल पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।"




