32 देशों के खिलाड़ियों के बीच रेणुकूट के रवि सिंह ने जीता कांस्य पदक, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बढ़ाया देश का मान
रेणुकूट स्थित हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कर्मचारी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है।

sonbhadra
4:11 PM, August 2, 2026
मनोज वर्मा (संवाददाता)
रेणुकूट (सोनभद्र)। रेणुकूट स्थित हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कर्मचारी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया है। थाईलैंड के पटाया शहर में आयोजित 9वीं हीरोज़ ताइक्वांडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में रवि सिंह ने पुरुष वर्ग के अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया।
सोनभद्र जिले के रेणुकूट निवासी रवि सिंह, स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं और हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत हैं। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में दुनिया के 32 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिसमें रवि सिंह ने भारत का तिरंगा बुलंद करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
अपनी इस उपलब्धि पर रवि सिंह ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, टीम कोच हरप्रीत सिंह, राकेश कुमार और रंजीत सूरज को दिया। साथ ही उन्होंने हिण्डालको रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
रवि सिंह की इस उपलब्धि से उनके परिवार, मित्रों, शुभचिंतकों और हिण्डालको इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। जिले के खेल प्रेमियों और गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दी हैं।




