असम, केरल और पुडुचेरी में रिकॉर्ड मतदान, लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं की शानदार भागीदारी
असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को एक ही चरण में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। तीनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया ।

delhi
10:27 PM, April 9, 2026
असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को एक ही चरण में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। तीनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाया।
चुनाव आयोग के रात 9:30 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, पुडुचेरी में सबसे अधिक 89.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद असम में 85.65 प्रतिशत और केरल में 78.24 प्रतिशत मतदान हुआ।
इन चुनावों के तहत असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर वोट डाले गए। मतदान के दौरान कहीं से भी बड़ी हिंसा या अव्यवस्था की खबर नहीं आई, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण मानी जा रही है।
वहीं चुनाव आयोग के मुताबिक असम में करीब 2.5 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है। वहीं, केरल में 2.71 करोड़ और पुडुचेरी में लगभग 9.44 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव आयोग के अधिकारियों ने इसे लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक बताते हुए मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की है।
अब सभी की निगाहें 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब इन राज्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे और नई सरकारों की तस्वीर साफ होगी।



