रेलवे ग्रुप डी भर्ती: दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा की तारीख घोषित
08/2024 (CEN 08/2024) के तहत लेवल-1 के विभिन्न पदों पर भर्ती के अगले चरण के लिए दस्तावेज सत्यापन एवं चिकित्सा परीक्षण की सूचना जारी की है।

prayagaraj
8:50 PM, October 5, 2026
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे, रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ प्रयागराज ने केंद्रीयकृत रोजगार सूचना संख्या 08/2024 (CEN 08/2024) के तहत लेवल-1 के विभिन्न पदों पर भर्ती के अगले चरण के लिए दस्तावेज सत्यापन एवं चिकित्सा परीक्षण की सूचना जारी की है।
विज्ञप्ति के अनुसार दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 26 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। दस्तावेज सत्यापन का आयोजन रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, प्रयागराज स्थित नवाब यूसुफ रोड, वाल्मीकि चौराहा, सिविल लाइंस, प्रयागराज में किया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर मूल शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, जन्मतिथि, समुदाय संबंधी प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में लेकर पहुंचना होगा।
दस्तावेज सत्यापन के अगले कार्य दिवस पर अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण मंडल चिकित्सालय प्रयागराज, कानपुर, आगरा एवं झांसी में कराया जाएगा। चिकित्सा परीक्षण के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित स्थान की जानकारी ई-कॉल लेटर के माध्यम से दी जाएगी।
पांच दिन पहले जारी होगा ई-कॉल लेटर
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ ने बताया कि दस्तावेज सत्यापन के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का ई-कॉल लेटर निर्धारित तिथि से पांच दिन पहले आरआरसी प्रयागराज की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी सूचना अभ्यर्थियों को ई-मेल और एसएमएस के माध्यम से भी दी जाएगी।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि केवल ई-कॉल लेटर जारी होने का अर्थ अंतिम नियुक्ति नहीं है। भर्ती के आगामी चरणों में दस्तावेजों एवं पात्रता की जांच के बाद ही नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
महत्वपूर्ण: अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से संबंधित किसी भी सूचना के लिए केवल आरआरसी प्रयागराज की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें और फर्जी कॉल, ई-मेल अथवा सोशल मीडिया संदेशों से सावधान रहें।




