संविधान गैलरी में लगी प्रदर्शनी में चित्रों और प्रतिकृतियों के माध्यम से भारतीय संविधान के निर्माण से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, दस्तावेजों और व्यक्तित्वों के योगदान के बारे में जानकारी प्रदर्शित की गई है। यहां ऑडियो के माध्यम से संविधान सभा के डिस्कशन को भी प्रस्तुत किया जा रहा है। यहां बनाई गई डिजिटल गैलरी संविधान की यात्रा को जीवंत कर रही है। स्क्रीन टच करने पर संविधान की किताब के पन्ने खुलते हैं तो इंटरैक्टिव वॉल संविधान के बनने से लेकर उसके लागू होने तक के समय काल से जुड़े हर ऐतिहासिक लम्हों से लोगों को रूबरू करा रही है। डिजिटल स्क्रीन पर टाइमलाइन ऑप्शन के जरिये संविधान की यात्रा के महत्वपूर्ण कालखंडों को चंद सेकेंडों में वर्षवार देख सकते हैं। गैलरी में अलग-अलग कॉर्नर बनाए गए हैं, जिसमें संविधान, उसके निर्माताओं व ऐतिहासिक प्रसंगों की प्रस्तुति दी गई है। इसके साथ ही यहां वीआर हेडसेट के जरिए उन गौरवशाली पलों को महसूस करने की भी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा गैलरी के एंट्री प्वाइंट पर टच स्क्रीन सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है, जहां आप एक टच पर राष्ट्रीय चिह्न अशोक स्तंभ के साथ सेल्फी ले सकते हैं। राष्ट्रगान 'जन गण मन' को लेकर किस तरह एक बार भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई और फिर गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर ने कैसे इसे लेकर स्थिति स्पष्ट की, ऐसे कई रोचक प्रसंगों का भी विवरण यहां दिया गया है।