Prayag raj News : HC ने सांसद छोटेलाल खरवार को जारी किया नोटिस, तथ्यों को छिपाकर चुनाव लड़ने का आरोप
सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। सांसद छोटेलाल पर तथ्यों को छिपाकर चुनाव लड़ने का आरोप है ।
prayag raj
11:26 PM, August 6, 2024
प्रयागराज । जस्टिस शेखर बी सराफ की सिंगल बेंच ने मंगलवार को एक अहम मामले की सुनवाई करते हुए निर्णय दिया है ।
सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। छोटेलाल खरवार के खिलाफ भाजपा अपना दल उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने वाली रिंकी सिंह की याचिका पर नोटिस जारी हुआ है । रिंकी सिंह ने चुनाव याचिका दाखिल कर खरवार पर तथ्यों को छिपाकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया है।
चुनाव याचिका में कहा गया है कि छोटेलाल खरवार ने अपने शपथ पत्र में जाति प्रमाण पत्र, संपत्ति, आय, शैक्षिक योग्यता और पहली पत्नी से आश्रितों की संख्या को छुपाया है और कई गलत जानकारियां दी हैं ।
याचिका के जरिए कहा गया है कि छोटेलाल खरवार का शपथ पत्र लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 100 (1) बी और डी के तहत भ्रष्ट आचरण के तहत आता है ।
चुनाव याचिका में छोटेलाल खरवार का निर्वाचन रद्द किए जाने और दूसरे नंबर पर रही रिंकी सिंह को विजयी घोषित किए जाने की अपील की गई है। हाई कोर्ट द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है । सोनभद्र में भी इसे लेकर चौराहे-चट्टियों पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है ।




