Pilibhit news : हरियाणा में पीलीभीत के मजदूरों पर टूटा मौत का कहर, पांच की मौत
रोजी-रोटी की तलाश में हरियाणा गए पीलीभीत के मजदूरों के परिवारों पर शुक्रवार तड़के दर्द का पहाड़ टूट पड़ा।

pilibhit
12:58 PM, September 4, 2026
जनपद न्यूज़ ब्यूरो
----- बाजरा कटाई के लिए निकले 12 लोगों की गाड़ी भीषण हादसे का शिकार, आठ गंभीर घायल; गांव में मचा कोहराम
बीसलपुर (पीलीभीत)। रोजी-रोटी की तलाश में हरियाणा गए पीलीभीत के मजदूरों के परिवारों पर शुक्रवार तड़के दर्द का पहाड़ टूट पड़ा। बडेपुरा कुसुमा गांव से बाजरा कटाई की मजदूरी के लिए निकले 11 श्रमिकों और चालक समेत 12 लोगों की फोर व्हीलर खरखोदा बस अड्डे के पास करीब सुबह चार बजे भीषण हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में चालक समेत चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उपचार के दौरान एक और घायल की मौत हो गई। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
मृतकों की पहचान रामनरेश (35), अग्रपाल वर्मा (30), सुशील शर्मा (22), चालक आरिफ तथा उपचार के दौरान मृत मेवाराम वर्मा (40) के रूप में हुई है।
हादसे की खबर गांव पहुंचते ही बडेपुरा कुसुमा में चीख-पुकार मच गई। जिन परिवारों के सदस्य कुछ घंटे पहले रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से निकले थे, वहां अब अपनों के लौटने की उम्मीद के बजाय मातम पसरा है।
घायलों में खुशीराम शर्मा (55), प्रमोद मौर्य (18), संजीव मौर्य (25), पातीराम वर्मा (27), महेंद्र पाल मौर्य (60), हरिशंकर वर्मा (35) और विवेक (20) सहित अन्य शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार पीजीआई मेडिकल कॉलेज, सोनीपत में चल रहा है।
मंत्री ने हरियाणा के अधिकारियों से की वार्ता
घटना की जानकारी मिलने पर किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने खरखोदा थाना प्रभारी अनिल कुमार से संपर्क कर घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का आग्रह किया। वहीं पीलीभीत सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद को भी घटना की जानकारी दी गई। बताया गया कि केंद्रीय राज्य मंत्री ने हरियाणा के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।
परिजनों के हरियाणा पहुंचने के बाद पुलिस पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई करेगी। परिजनों की कोशिश है कि पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव पहुंच सकें।
एक साथ पांच मौतों ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकले इन मजदूरों का सफर कई परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया।




