MP News : दतिया उपचुनाव में हार के बाद BJP का बड़ा एक्शन, पूरा जिला संगठन भंग
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने दतिया जिले की पूरी जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया है।

madhya pradesh
10:59 PM, August 4, 2026
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने दतिया जिले की पूरी जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाह समेत सभी जिला पदाधिकारियों को उनके पदों से मुक्त कर दिया गया है।
उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के बाद मंगलवार सुबह पार्टी की ओर से दो सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था। बताया जा रहा है कि कमेटी की अनुशंसा के आधार पर मध्य प्रदेश भाजपा ने यह कार्रवाई की है।
पार्टी के फैसले के तहत जिलाध्यक्ष को आधिकारिक पत्र जारी कर जिला संगठन को तत्काल प्रभाव से भंग करने की जानकारी दी गई। जिलाध्यक्ष और जिला पदाधिकारियों के साथ-साथ पूरी जिला कार्यसमिति भी समाप्त कर दी गई है। इतना ही नहीं, जिले में संचालित सभी मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभागों को भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। अब पार्टी की ओर से दतिया में नए सिरे से संगठन खड़ा किया जाएगा और नई टीम का गठन किया जाएगा।
आपको बता दें कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के सोमवार को घोषित परिणाम में भाजपा को बड़ा झटका लगा था। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा के अशुतोष तिवारी को 6,016 मतों के अंतर से हराया।घनश्याम सिंह को कुल 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी अशुतोष तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए। उपचुनाव में मिली इस हार के बाद भाजपा ने संगठन स्तर पर यह बड़ा बदलाव किया है।




