Mirzapur News : अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 घंटे में मुख्य आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
मिर्जापुर में हुए चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के महज 15 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।

mirzapur
11:16 AM, April 12, 2026
मिर्जापुर। जनपद में हुए चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के महज 15 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंकू सिंह शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर कटरा कोतवाली क्षेत्र में पीएसी वाहिनी के पीछे पहाड़ी पर छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और फायरिंग की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसके फरार साथी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।



