Mirzapur News : शहर से लेकर गाँव तक तबाही, आठ लोगों की गयी जान
तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हादसों के दौरान आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।

mirzapur
9:48 AM, May 14, 2026
मिर्जापुर । बुधवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हादसों के दौरान आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है।
पड़री थाना क्षेत्र में सबसे अधिक चार लोगों की जान गई। नदीगहना सारी पोखरी गांव में आम का पेड़ गिरने से 9 वर्षीय अंशु मौर्य की मौत हो गई। छीतम पट्टी गांव में पेड़ गिरने से 17 वर्षीय अक्षय की जान चली गई। मोहनपुर भवरख गांव में महुआ का पेड़ गिरने से सरोज देवी की मौत हुई, जबकि महेवा गांव में आम बीनने गए बिहारी नामक व्यक्ति की भी मौत हो गई।
वहीं कछवां थाना क्षेत्र में भी आंधी तूफान कहर बनकर टूटा। विदापुर गांव में टिन शेड गिरने से बेईला देवी की मौत हो गई। वहीं हरदरा के पास स्कॉर्पियो पर पेड़ गिरने से राणा उर्फ बबलू की जान चली गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है।
चील्ह थाना क्षेत्र के गडगेड़ी गांव में दीवार गिरने से 50 वर्षीय राम सागर जायसवाल की मौत हो गई। लालगंज थाना क्षेत्र के कोलकम गांव में तेज हवा से टिन शेड उड़ने के दौरान नीलम नामक महिला की गर्दन कट गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
आंधी-पानी से जनपद का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। गौरा-परमानपुर मार्ग पर गंगा नदी का पीपा पुल टूट जाने से करीब 20 गांवों का संपर्क कट गया है। कई इलाकों में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। विंध्याचल अटल चौक पर हाईमास्ट लाइट गिर गई, हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
इस तबाही के बाद शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिजली आपूर्ति ठप है। जिलाधिकारी और एसपी आवास मार्ग पर भी पेड़ गिरने से घंटों यातायात बाधित रहा। प्रशासन की टीमें लगातार नुकसान का आकलन और रास्ते बहाल करने में जुटी हुई हैं।




