Mirzapur News : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने परमहंस आश्रम पहुंचकर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के चरणों में टेका मत्था, लिया आशीर्वाद
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मिर्जापुर जनपद के सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम पहुंचकर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के चरणों में मत्था टेक आशीर्वाद प्राप्त किया।

mirzapur
8:24 PM, March 22, 2026
मिर्जापुर । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मिर्जापुर जनपद के सक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम पहुंचकर स्वामी अड़गड़ानंद महाराज के चरणों में मत्था टेक आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब दो घंटे तक आश्रम में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महाराज को वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के लिए औपचारिक निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि वे मध्य प्रदेश सरकार की ओर से संतों की सेवा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित हैं। उनका दावा है कि 2028 का कुंभ मेला कई मायनों में रिकॉर्ड स्थापित करेगा।
आश्रम में मुलाकात के दौरान स्वामी अड़गड़ानंद महाराज ने मुख्यमंत्री को गीता पुस्तक भेंट की। पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजन कुंभ का बेहतर प्रबंधन उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि मध्य प्रदेश सरकार भगवान राम और श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों को धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित कर रही है, ताकि उन्हें प्रमुख तीर्थ स्थलों के रूप में स्थापित किया जा सके।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में नगर निगम से लेकर नगर पालिकाओं तक “गीता भवन” का निर्माण कराया जा रहा है। इन भवनों में लगभग 550 सीटों की क्षमता वाले सभागार, 50 सीटों का रीडिंग हॉल और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में ऐसे भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है और उनका लोकार्पण भी किया जा चुका है, जिससे छात्रों को विशेष लाभ मिल रहा है।



