Lakhimpur Kheri : 30 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, कार बरामद
पलिया थाना पुलिस ने रविवार तड़के मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 150 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।

lakhimpur kheri
4:30 PM, August 9, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां (लखीमपुर खीरी)। पलिया थाना पुलिस ने रविवार तड़के मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 150 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा इटियोस कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे के नेतृत्व में टीम ने करीब 1:50 बजे मुजहा एयरपोर्ट मार्ग स्थित पुल के पास घेराबंदी कर अरसल (28) निवासी माहिगिरान प्रथम, पलिया और विक्की कुमार साफी (30) निवासी थारूपुरवा, पलिया को पकड़ा। तलाशी में अरसल के पास से 100 ग्राम और विक्की के पास से 50 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने नेपाल सीमा, नानपारा और बहराइच के रास्ते पलिया समेत शाहजहांपुर, पीलीभीत और उत्तराखंड में स्मैक की आपूर्ति किए जाने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक अरसल गौरीफंटा थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरविंद कुमार मौर्या समेत पुलिस टीम शामिल रही।




