Lakhimpur Kheri : चोरी की दो वारदातों का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
मैलानी थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

lakhimpur
8:58 PM, August 14, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। मैलानी थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के जेवरात, 19,050 रुपये नकद, 315 बोर का अवैध तमंचा व कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे हंसपुर चौराहे के पास घेराबंदी कर पलिया के सिंगहिया निवासी सूरज सिंह थापा और महमूदनगर निवासी युनुस को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने मैलानी थाने में दर्ज चोरी के दो मामलों में संलिप्तता स्वीकार की।
तलाशी के दौरान सूरज सिंह थापा के पास से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार युनुस के खिलाफ पहले से चोरी व अन्य धाराओं में 12 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वर्तमान मामलों को मिलाकर उसके खिलाफ कुल 14 मुकदमे बताए गए हैं। वहीं सूरज सिंह थापा पर हत्या समेत चार मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक हिमांशु, कांस्टेबल अरुण, सूरज, दिनेश, नितिन, दीपक, शिवओम तथा रिक्रूट कांस्टेबल सुरेश शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।




