Lakhimpur Kheri : पलिया में ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया।

lakhimpur
10:27 PM, August 20, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 8.01 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात सामने आई है।
यह कार्रवाई 39वीं वाहिनी एसएसबी और चन्दन चौकी थाना पुलिस की टीम ने सीमा चौकी सोनहा क्षेत्र में चलाए जा रहे नाका चेकिंग अभियान के दौरान की। देर रात भारत से नेपाल की ओर जा रहे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलिया कलां निवासी आकाश कुमार यादव (24) और देशराज राठौर (24) के रूप में हुई है। एसएसबी ने बरामद पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चन्दन चौकी थाना पुलिस को सौंप दिया।
अधिकारियों के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और अन्य गतिविधियों की रोकथाम के लिए निगरानी लगातार बढ़ाई गई है। संयुक्त टीमों द्वारा आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।




