Lakhimpur Kheri news : कर्मचारी आवास में महिला की फंदे से मौत, परिस्थितियां बनीं रहस्यमय
नगर के पटीहन रोड स्थित कृष्णानगर में श्यामल फैक्टरी के कर्मचारी आवास में रविवार को एक महिला की फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया।

lakhimpur kheri
9:53 PM, August 30, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां-खीरी। नगर के पटीहन रोड स्थित कृष्णानगर में श्यामल फैक्टरी के कर्मचारी आवास में रविवार को एक महिला की फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला की मौत को प्रथम दृष्टया आत्महत्या बताया जा रहा है, हालांकि घटना की परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार फैक्टरी परिसर के कर्मचारी आवास में मनोज अपनी पत्नी सोनी के साथ रहता था। दोनों फैक्टरी में कार्यरत थे। बताया गया कि सोनी ने करीब दस दिन पहले काम छोड़ दिया था। रविवार को मनोज ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान सोनी कमरे में अकेली थी। बाद में उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
कमरा अंदर से बंद होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह परिहार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवाजी दुबे ने पुलिस टीम के साथ पहुंचकर कटर की मदद से दरवाजा खुलवाया। इसके बाद शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




