Lakhimpur Kheri news : शारदा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, आजाद नगर में घुसा बाढ़ का पानी
पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच बनबसा बैराज से छोड़े गए पानी के कारण शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है।

lakhimpur kheri
1:02 PM, August 16, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया-खीरी। पहाड़ों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के बीच बनबसा बैराज से छोड़े गए पानी के कारण शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी का पानी खतरे के निशान को पार कर जाने से पलिया क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का संकट गहरा गया है।
जलस्तर बढ़ने के साथ ही ग्राम आजाद नगर के निचले हिस्सों और संपर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी पहुंच गया। अचानक पानी बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अपने घरों और फसलों को लेकर चिंतित हैं तथा सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की तैयारी में जुटे हैं।
नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से फसलों के प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है। वहीं तटवर्ती गांवों में रहने वाले लोग रातभर जागकर नदी के जलस्तर और कटान की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।




