Lakhimpur Kheri news : पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा गौकशी का वांछित आरोपी मुठभेड़ में घायल
उचौलिया थाना क्षेत्र में गौकशी के मामले में वांछित आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई।

lakhimpur kheri
11:02 AM, October 7, 2026
- जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, तमंचा-कारतूस व धारदार हथियार बरामद; साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। उचौलिया थाना क्षेत्र में गौकशी के मामले में वांछित आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर की रात उचौलिया पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग इनोवा कार से असलहा और पशु काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण लेकर इब्राहिमपुर की ओर से नहर पटरी के रास्ते बनकागांव की तरफ आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने हैवतियापुर तिराहे के पास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों को रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपी मेहराज ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मेहराज के बाएं पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान मेहराज पुत्र जर्रार, निवासी बढ़ैया, थाना उचौलिया, जनपद खीरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह गौकशी से संबंधित एक मुकदमे में वांछित चल रहा था।
तमंचा, कारतूस और धारदार हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, धारदार हथियार तथा एक इनोवा कार बरामद करने का दावा किया है। वहीं, फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मुठभेड़ में घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पसगवां ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में बरामदगी और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




