Lakhimpur Kheri news : किशनपुर के जंगल में दिखे दो युवा बाघ, कैमरे में कैद हुई ‘जंगल की शाही चाल’
दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर वन रेंज में जंगल की खूबसूरती और वन्यजीवों की मौजूदगी का रोमांचक नजारा सामने आया है।

lakhimpur kheri
11:20 AM, October 6, 2026
- गश्ती टीम की नजर पड़ी तो थम गया पलभर का वक्त, वीडियो सोशल मीडिया पर मचा रहा धूम
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां, खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर वन रेंज में जंगल की खूबसूरती और वन्यजीवों की मौजूदगी का रोमांचक नजारा सामने आया है। गश्त कर रही वन विभाग की टीम को जंगल में दो युवा बाघ स्वच्छंद रूप से विचरण करते दिखाई दिए। बाघों को नजदीक से चहलकदमी करते देख टीम ने तत्काल वीडियो कैमरे में कैद कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और वन्यजीव प्रेमियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो किशनपुर वन रेंज का है। वीडियो में दोनों युवा बाघ जंगल के बीच बेखौफ अंदाज में घूमते नजर आ रहे हैं। घने जंगल के बीच बाघों की यह मौजूदगी दुधवा के समृद्ध वन्यजीव संसार की झलक पेश कर रही है।
मानसून सत्र के साथ ही वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर पार्क प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जंगल में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग की टीमें लगातार सघन गश्त और कॉम्बिंग कर रही हैं। इसी नियमित निगरानी के दौरान बाघों की यह दुर्लभ और रोमांचक तस्वीर कैमरे में कैद हो गई।
वन विभाग की सक्रिय गश्त के बीच कैमरे में कैद हुए दो युवा बाघ अब सोशल मीडिया पर दुधवा के जंगल की शान बढ़ा रहे हैं।




