Lakhimpur kheri news : फार्म हाउस में निकले दो कोबरा, रेस्क्यू टीम ने जंगल में छोड़ा
दुधवा टाइगर रिजर्व की पलिया रेंज के अंतर्गत बम नगर के गिरधरपुरी स्थित एक फार्म हाउस में विशालकाय कोबरा सांप निकलने से लोगों में दहशत फैल गई।

lakhimpur kheri
8:07 PM, October 21, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व की पलिया रेंज के अंतर्गत बम नगर के गिरधरपुरी स्थित एक फार्म हाउस में विशालकाय कोबरा सांप निकलने से लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने पांच फीट से अधिक लंबे कोबरा समेत दो सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मनप्रीत कौर के फार्म हाउस में कोबरा दिखाई देने पर परिजनों ने गूगल से संपर्क नंबर प्राप्त कर राम गोविंद रेस्क्यू टीम को सूचना दी। इसके बाद टीम के सदस्य राम गोविंद और संदीप करीब 26 किलोमीटर की दूरी तय कर मौके पर पहुंचे। काफी सतर्कता के साथ टीम ने विशालकाय कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
इस दौरान परिजनों ने बताया कि इससे पहले फार्म हाउस में एक छोटा कोबरा भी मिला था, जिसे उन्होंने सावधानीपूर्वक एक डिब्बे में सुरक्षित रखा था। परिजनों ने उस सांप को भी रेस्क्यू टीम के हवाले कर दिया।
रेस्क्यू टीम दोनों सांपों को लेकर आजाद नगर के जंगल पहुंची, जहां उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया। इस दौरान टीम ने लोगों को सांपों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय विशेषज्ञों की मदद लेने के प्रति जागरूक किया।




