Lakhimpur Kheri news : चीतल के शिकार की कोशिश में दो गिरफ्तार, दो आरोपी जंगल में फरार
दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर रेंज में वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान चीतल के शिकार की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

lakhimpur kheri
9:13 PM, August 8, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर रेंज में वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान चीतल के शिकार की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान दो अन्य संदिग्ध घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
वन कर्मियों के अनुसार, गश्त के दौरान चार संदिग्ध लोगों की गतिविधियां नजर आने पर टीम ने उन्हें घेर लिया। मौके से धारचूला, नेपाल निवासी उद्धव सिंह धामी और भीरा निवासी राजनाथ सिंह को पकड़ लिया गया, जबकि भीरा निवासी इंद्रासन तथा नेपाल निवासी गजेंद्र सिंह मोहरा फरार हो गए।
तलाशी में आरोपियों के पास से बांका, रस्सी समेत शिकार में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किए गए। पूछताछ में चीतल के शिकार के प्रयास की बात सामने आई। विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में क्षेत्रीय वन अधिकारी मो. अयूब, वन्यजीव प्रतिपालक महावीर सिंह, वन दरोगा आनंद लाल और वन रक्षक कन्हैया लाल मिश्रा सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।




