Lakhimpur Kheri news : भिंड में दर्दनाक सड़क हादसा, लखीमपुर खीरी के आठ मजदूरों की मौत
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया।

lakhimpur kheri
4:03 PM, August 18, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में धान रोपाई का काम पूरा कर घर लौट रहे लखीमपुर खीरी जिले के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।
बताया गया कि खीरी जिले के कई मजदूर मध्य प्रदेश के गोहद क्षेत्र में धान रोपाई के लिए गए थे। काम समाप्त होने के बाद सभी मजदूर वाहन से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका गांव के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि आठ मजदूरों की मौके पर ही जान चली गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर लखीमपुर खीरी पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा मृतकों के शवों और घायलों को खीरी लाने के लिए मध्य प्रदेश प्रशासन से समन्वय किया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।




