Lakhimpur Kheri news : घर में घुसा बाघ, सो रही बुजुर्ग महिला पर किया हमला; हालत गंभीर
पलिया क्षेत्र के ग्राम विशेनपुरी में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के भीतर घुसे बाघ ने अपनी पोती के साथ सो रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया।

lakhimpur kheri
4:29 PM, September 14, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
विशेनपुरी/पलिया कलां, खीरी। पलिया क्षेत्र के ग्राम विशेनपुरी में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब घर के भीतर घुसे बाघ ने अपनी पोती के साथ सो रही 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर 13 वर्षीय पोती ने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
जानकारी के अनुसार विशेनपुरी निवासी चम्पा (70) पत्नी श्रीकृष्ण अपनी 13 वर्षीय पोती अंशिका के साथ घर में सो रही थीं। देर रात अचानक बाघ घर में दाखिल हो गया और चम्पा पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पोती अंशिका ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ देखकर बाघ वहां से निकलकर जंगल की ओर भाग गया।
परिजन घायल चम्पा को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आबादी के आसपास बाघ की मौजूदगी को लेकर चिंता जताते हुए वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। परिजनों ने वन विभाग की टीम के मौके पर देर से पहुंचने का आरोप भी लगाया।
वहीं, पलिया रेंजर विनय कुमार के अनुसार सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया था। अस्पताल पहुंचने में हुई देरी के चलते परिजनों से तत्काल संपर्क नहीं हो सका। वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।




