Lakhimpur Kheri news : भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया खाद की तस्करी करते तीन नेपाली नागरिक गिरफ्तार
कवच योजना' अभियान के तहत थाना संपूर्णानगर पुलिस ने तीन नेपाली नागरिकों को यूरिया खाद की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है।

lakhimpur kheri
10:21 PM, August 6, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे 'कवच योजना' अभियान के तहत थाना संपूर्णानगर पुलिस ने तीन नेपाली नागरिकों को यूरिया खाद की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को बसही कवच पोस्ट पर नियमित चेकिंग के दौरान तीन संदिग्ध साइकिल सवारों को रोककर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से तीन बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों की पहचान नेपाल के कंचनपुर जिले के गोकुलपुर (लक्ष्मीपुर) निवासी धनबहादुर चौधरी, रमेश चौधरी और विकास चौधरी के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों बिना किसी वैध दस्तावेज के यूरिया खाद को साइकिलों के माध्यम से नेपाल ले जा रहे थे। पुलिस ने यूरिया खाद और तीनों साइकिलों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय, पलिया भेज दिया है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक अवधेश कुमार रावत, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र मिश्रा एवं कांस्टेबल टिंकू प्रजापति की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि सीमा पर तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।




