Lakhimpur Kheri news : वाइब्रेंट गांव ध्यानपुर में एसएसबी ने लगाया मानव चिकित्सा शिविर
39वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी सोनहा के अंतर्गत वाइब्रेंट गांव ध्यानपुर में मंगलवार को मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

lakhimpur kheri
7:27 PM, October 6, 2026
- 116 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, नि:शुल्क दवाओं का वितरण
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
पलिया कलां (खीरी)। 39वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी सोनहा के अंतर्गत वाइब्रेंट गांव ध्यानपुर में मंगलवार को मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। सीमावर्ती ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर की अध्यक्षता 39वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट (मेडिकल) डॉ. मनीष कुमार खंडेलवाल ने की। एसएसबी की मेडिकल टीम ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान 56 महिलाओं, 21 पुरुषों और 39 बच्चों समेत कुल 116 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरत के अनुसार ग्रामीणों को नि:शुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती एवं दूरदराज के गांवों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 39वीं वाहिनी की ओर से लगातार नागरिक सहायता एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही एसएसबी और सीमावर्ती नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास को मजबूत करना है।




