Lakhimpur kheri news : दुधवा के 25 राजकीय हाथियों का विशेष स्वास्थ्य परीक्षण
हाथियों के बेहतर स्वास्थ्य और देखभाल के उद्देश्य से दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।

lakhimpur kheri
8:25 PM, November 5, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता )पलिया कलां (खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व के सलूकापुर राजकीय हाथी कैंप में हाथियों के बेहतर स्वास्थ्य और देखभाल के उद्देश्य से दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। दुधवा प्रभाग के उपनिदेशक जगदीश आर. के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में IVRI बरेली और असम से आए वन्यजीव विशेषज्ञों ने रिजर्व के सभी 25 राजकीय हाथियों की जांच की।
शिविर में IVRI बरेली के प्रधान वैज्ञानिक एवं इंचार्ज सीडब्ल्यूएल डॉ. ए.एम. पावड़े, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश कुमार तथा असम के वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. खनिन चांगमई ने बेलरायां के उप प्रभागीय वनाधिकारी दीपक पाण्डेय की मौजूदगी में स्वास्थ्य परीक्षण किया। कुल 23 हाथियों की जांच सलूकापुर कैंप में और दो हाथियों का परीक्षण दुधवा पर्यटन परिसर में किया गया।
पहले दिन विशेषज्ञों ने हाथियों की शारीरिक स्थिति और स्वास्थ्य का आकलन किया। दूसरे दिन गोबर के नमूने लेकर संभावित संक्रमण और अन्य बीमारियों की जांच की गई। इसके साथ ही महावतों और चाराकटरों से हाथियों के खानपान, व्यवहार तथा स्वास्थ्य से जुड़े लक्षणों की जानकारी भी जुटाई गई।
दुधवा की पशु चिकित्सा टीम के वन्यजीव चिकित्सक डॉ. मुहम्मद तलहा और फार्मासिस्ट संदीप कुमार ने भी विशेषज्ञों को आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराईं। परीक्षण के आधार पर हाथियों के बेहतर उपचार और देखभाल के लिए चिकित्सकीय सुझाव दिए गए।
वन संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं हाथी
दुधवा टाइगर रिजर्व में राजकीय हाथी गैंडा निगरानी, जंगलों में गश्त, वन्यजीवों के रेस्क्यू और पर्यटन गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में उनका स्वस्थ और सक्रिय रहना वन संरक्षण कार्यों के लिए बेहद आवश्यक है। विशेष स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से हाथियों की नियमित निगरानी और वैज्ञानिक तरीके से स्वास्थ्य प्रबंधन को मजबूत करने की पहल की गई।




