Lakhimpur Kheri news : हाथियों के आतंक और बाढ़ की समस्याओं को लेकर डीएम से मिले सपा नेता रेहान
जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रेहान खान ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

lakhimpur kheri
7:20 PM, September 29, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी । जिले के पलिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रेहान खान ने जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। बातचीत के दौरान उन्होंने क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन में पलिया क्षेत्र में जंगली हाथियों द्वारा फसलों को पहुंचाए जा रहे नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सपा नेता ने बताया कि जंगल से निकलकर हाथियों के झुंड खेतों और बस्तियों तक पहुंच रहे हैं, जिससे गन्ना और धान की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर व तार फेंसिंग कराने तथा वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की। इसके साथ ही बारिश और बाढ़ से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा देने और जलभराव के स्थायी समाधान के लिए नालों की सफाई व तटबंधों की मरम्मत कराने का मुद्दा भी रखा।
रेहान खान ने ग्राम सभा मुझाहा के सर्किल रेट में संशोधन कर उसे बढ़ाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि पलिया की समस्याओं से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। प्रदेश में वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन सभी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान कराया जाएगा।




