Lakhimpur kheri news : संपूर्णानगर में 20.45 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की है।

lakhimpur kheri
8:38 PM, October 13, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
संपूर्णानगर (खीरी) स्थानीय पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को दबोचने में सफलता हासिल की है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में अवैध ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद की है। साथ ही उसकी स्कूटी और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी पलिया के पर्यवेक्षण में पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही है। इसी क्रम में संपूर्णानगर थाना पुलिस खजुरिया-संपूर्णानगर मार्ग स्थित प्राइवेट बस अड्डे के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदेह होने पर एक स्कूटी सवार को रोक लिया और उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो काली-सफेद पन्नियों में बंधी कुल 20.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त ने अपनी पहचान मंजीत सिंह पुत्र सुरेश सिंह, निवासी ग्राम बाजारघाट, थाना हजारा, जनपद पीलीभीत के रूप में बताई है। तस्कर इस अवैध खेਪ को इलाके में खपाने की फिराक में था।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतपाल सिंह राठौर, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र मिश्रा, और कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार, रोहित कुमार, दुष्यंत कुमार, उमेश वर्मा, मुनेश कुमार व पुष्पेंद्र कुमार शामिल रहे।




