Lakhimpur kheri news : नूडल्स के डिब्बे में छिपाकर नेपाल से ला रही थी चरस, 982 ग्राम मादक पदार्थ के साथ महिला गिरफ्तार
गौरीफंटा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक नेपाली महिला को गिरफ्तार किया है।

lakhimpur
7:44 PM, October 13, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
गौरीफंटा (लखीमपुर खीरी)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरीफंटा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक नेपाली महिला को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से नूडल्स के डिब्बे में छिपाकर रखी गई 982 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में गौरीफंटा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान बनगवां से मोहना नदी घाट की ओर जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में नूडल्स के डिब्बे के अंदर पांच पाउच में छिपाकर रखा गया मादक पदार्थ बरामद हुआ।
नेपाल की रहने वाली है आरोपी महिला
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान सुशीला शाह (55 वर्ष), पत्नी खैरू शाह, निवासी वार्ड नंबर 7 जलेसर, जिला महोत्तरी, नेपाल के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता कटान, वार्ड नंबर 2, धनगढ़ी, जिला कैलाली, नेपाल बताया गया है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना गौरीफंटा में मुकदमा संख्या 27/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/23 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई
इस कार्रवाई में गौरीफंटा थाना पुलिस के उपनिरीक्षक प्रमीत कुमार, कांस्टेबल हेमंत कुमार, महिला कांस्टेबल संजू और प्रियंका भाटी शामिल रहीं। वहीं, एसएसबी की 39वीं वाहिनी की बनकटी बी-कंपनी से उप कमांडेंट विजेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट विवेक कुमार यादव सहित अन्य जवानों ने भी कार्रवाई में भाग लिया।
पुलिस के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जांच और निगरानी अभियान जारी है।




