Lakhimpur Kheri news : शारदा का कहर: पांच सेकंड में नदी में समा गया आशियाना, 45 हेक्टेयर जमीन भी निगली
शारदा नदी का कटान रूरा सुल्तानपुर गांव में लगातार विकराल रूप लेता जा रहा है। नदी की तेज धारा और तेजी से बढ़ते कटान ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

lakhimpur kheri
9:56 PM, October 4, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। शारदा नदी का कटान रूरा सुल्तानपुर गांव में लगातार विकराल रूप लेता जा रहा है। नदी की तेज धारा और तेजी से बढ़ते कटान ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को देखते ही देखते महज करीब पांच सेकंड में रामपाल सिंह का पूरा मकान नदी में समा गया। घटना के बाद परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है।
मकान के नदी में समाने का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कटान की भयावहता साफ नजर आ रही है। ग्रामीणों के मुताबिक शारदा नदी धीरे-धीरे आबादी और कृषि भूमि की ओर बढ़ रही है। लगातार हो रहे कटान के चलते कई ग्रामीण अपने घर और सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि कटान की रफ्तार पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में कई और मकानों तथा खेतों के नदी में समाने का खतरा है। अब तक करीब 45 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि शारदा नदी की धारा में समा चुकी है।
रामपाल सिंह का मकान नदी में समाने के बाद परिवार बेघर हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कटान रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।




