Lakhimpur Kheri news : उफनती पुलिया में समाई स्कूल वैन, ग्रामीणों ने बचाई बच्चों की जान
मोहम्मदी-पसगवां मार्ग पर शनिवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब बच्चों को लेने जा रही यूडी चिल्ड्रेन्स एकेडमी की स्कूल वैन उफनती छोहा पुलिया पार करते समय अनियंत्रित होकर पानी में डूब गई।

lakhimpur kheri
10:11 AM, October 3, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। मोहम्मदी-पसगवां मार्ग पर शनिवार सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब बच्चों को लेने जा रही यूडी चिल्ड्रेन्स एकेडमी की स्कूल वैन उफनती छोहा पुलिया पार करते समय अनियंत्रित होकर पानी में डूब गई। हादसे के समय वैन में चालक समेत तीन बच्चे सवार थे।
वैन को पानी में डूबता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच मुल्लापुर निवासी सत्यपाल उर्फ रामू कश्यप ने साहस का परिचय देते हुए पानी में उतरकर वैन में फंसे बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला। ग्रामीणों की मदद से चालक और तीनों बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उफनते पानी के बीच वैन लेकर पुलिया पार करने पर चालक की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। पसगवां थानाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि चालक की लापरवाही के चलते निजी स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर छोहा में डूब गई थी। ग्रामीणों की तत्परता से सभी बच्चों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।




