Lakhimpur Kheri news : अभिरक्षा से फरार दुष्कर्म आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली
चार वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार 55 वर्षीय खलील अहमद रविवार रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।

lakhimpur kheri
10:07 AM, September 7, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
-- मेडिकल के दौरान पुलिसकर्मी को धक्का देकर भागा था आरोपी, तमंचे से फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई; हथियार-कारतूस बरामद
सिंगाही, खीरी। चार वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार 55 वर्षीय खलील अहमद रविवार रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी ने सिंगहा कलां बगिया मोड़ के पास घेराबंदी कर रही पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सिंगहा कलां गांव में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में खलील अहमद पुत्र अशर्फी को गिरफ्तार किया गया था। रविवार को उसे मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी निघासन ले जाया जा रहा था। रास्ते में पेशाब करने के बहाने वाहन रुकवाकर आरोपी ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया और जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद निघासन थाने में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
रविवार देर रात सिंगाही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम इलाके में कॉम्बिंग कर रही थी। इसी दौरान सिंगहा कलां बगिया मोड़ के पास आरोपी दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में गोली उसके बाएं पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सीएचसी निघासन भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरारी और मुठभेड़ की घटना को लेकर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।




