Lakhimpur Kheri news : आंगनबाड़ी केंद्र पर वितरित पुष्टाहार को लेकर उठे सवाल, पैकेटों पर जरूरी जानकारी नहीं होने का आरोप
दुबहा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र पर वितरित किए जा रहे पुष्टाहार को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्तियां जताई हैं।

lakhimpur kheri
2:20 PM, July 23, 2026
ऋषि कुमार (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी / निघासन। निघासन विकासखंड की ग्राम पंचायत दुबहा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र पर वितरित किए जा रहे पुष्टाहार को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्तियां जताई हैं। उनका आरोप है कि आटा, बेसन और बर्फी के पैकेटों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जैसी आवश्यक जानकारी अंकित नहीं है, जिससे लाभार्थियों की सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीण रवि वर्मा के अनुसार, जब वह आंगनबाड़ी केंद्र से पुष्टाहार लेने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कई पैकेटों पर उत्पाद से जुड़ी अनिवार्य जानकारी उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद उन्होंने संबंधित व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पैकेटों पर बैच नंबर और उपयोग अवधि का उल्लेख नहीं होगा तो उत्पाद की गुणवत्ता और उसकी वैधता की जांच करना मुश्किल हो जाएगा। उनका मानना है कि इस प्रकार की लापरवाही बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों से जवाबदेही तय करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप पुष्टाहार वितरण सुनिश्चित करने की मांग की है।




