Lakhimpur Kheri news : बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे जनप्रतिनिधि और प्रशासन, राहत कार्य तेज
जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए ग्रामीणों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई।

lakhimpur kheri
10:34 PM, August 20, 2026
ऋषिकांत शर्मा (संवाददाता)
लखीमपुर खीरी। जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेते हुए ग्रामीणों तक आवश्यक सहायता पहुंचाई। निघासन क्षेत्र के नया पुरैना गांव में विधायक शशांक वर्मा एसडीएम यदुवीर सिंह के साथ ट्रैक्टर से पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की स्थिति में सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों की जरूरतों के अनुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों को लंच पैकेट भी वितरित किए गए।
वहीं, नया पुरैना में सीएचसी निघासन की स्वास्थ्य टीम ने पहुंचकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम ने आवश्यक दवाएं वितरित करने के साथ स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की अपील की।
धौरहरा में भी पहुंचाई गई राहत
धौरहरा तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों में भी राजस्व टीम ने राहत सामग्री पहुंचाई। एसडीएम राशि कृष्णा के नेतृत्व में टीम ने गोडियाना, चंदौली, चकदहा, ओझापुरवा, गनापुर, डुंडकी, गौढ़ी, मांझासुमाली, मिर्जापुर मल्लापुर, परसा और कैरातीपुरवा में ग्रामीणों को लंच पैकेट बांटे।
टीम ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।




